वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद, काशी चाट भंडार के मालिक समेत दो पर मुकदमा
वाराणसी। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में काशी चाट भंडार के पास वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने चाट भंडार के मालिक गोलू उर्फ किरारी और उसके छोटे भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जंगमबाड़ी निवासी संजय बजाज ने दोनों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। पुलिस के अनुसार, शिकायत की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
संजय बजाज के मुताबिक, वह सात सितंबर की शाम करीब 8:30 बजे काशी चाट भंडार के पास स्थित एक पान की दुकान पर गए थे। इसी दौरान कुछ लोग बाइक से वहां पहुंचे और वाहन खड़ा करने लगे। संजय ने वाहन को किनारे लगाने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात को लेकर गोलू उर्फ किरारी और उसके छोटे भाई ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। संजय के अनुसार, इस दौरान कथित तौर पर उनसे कहा गया कि ‘‘गदौलिया आना बंद कर दूंगा।’’ मामले में थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों को जुटा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

