दीनापुर पेयजल परियोजना से बदलेगी छह वार्डों की तस्वीर, नगर आयुक्त ने कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
वाराणसी। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शुद्ध और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम की महत्वाकांक्षी दीनापुर जोन पेयजल आपूर्ति योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। इस योजना के पूर्ण होने के बाद दीनापुर, सलारपुर, लेढुपुर, सन्दहा, सारनाथ और रामदत्तपुर सहित छह वार्डों के हजारों परिवारों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी और लंबे समय से चली आ रही जल संकट की समस्या से राहत मिलेगी।

शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने दीनापुर जोन पेयजल आपूर्ति योजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने नगर आयुक्त को बताया कि इस परियोजना का कार्य उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की देखरेख में मेसर्स विश्वा इन्फ्रास्ट्रक्चर एण्ड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, आगरा द्वारा कराया जा रहा है। वर्तमान में योजना का लगभग 58 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि, मौके पर कार्य की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और निर्माण एजेंसी को श्रमिकों एवं संसाधनों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं किया गया या निर्देशों की अनदेखी की गई, तो संबंधित फर्म के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस व्यापक परियोजना के अंतर्गत क्षेत्र में जलापूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए 27 नए नलकूप, 10 उच्च जलाशय (ओवरहेड टैंक), 414 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन तथा 20,176 घरों में नए जल कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना पूरी होने पर बड़ी आबादी को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा।
प्रगति रिपोर्ट के अनुसार अब तक 25 नलकूपों और 9 उच्च जलाशयों का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा 262 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है तथा करीब 2,500 घरों को पेयजल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जल निगम और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। प्रशासन का दावा है कि योजना के पूरा होते ही संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।

