DIG और SBI फर्जी मुहर और जाली ट्रेजरी चालान से 1.07 लाख की ठगी, बैंक अधिकारी व रिकवरी एजेंसी पर मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। डीआईजी वाराणसी और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की कथित फर्जी मुहर लगाकर जाली ट्रेजरी चालान तैयार करने और पुलिस सुरक्षा शुल्क के नाम पर 1,07,359 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। रमना स्थित साईं धाम कॉलोनी निवासी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी रघु मिश्रा की शिकायत पर चौक थाने में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के तत्कालीन अधिकारी, अधिकृत रिकवरी एजेंसी और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

रघु मिश्रा के अनुसार उनका यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की विशेश्वरगंज शाखा में लोन खाता है। आरोप है कि अगस्त 2023 में बैंक की अधिकृत रिकवरी एजेंसी शुभ सिक्योरिटी और तत्कालीन बैंक अधिकारी राजीव कुमार समेत अन्य लोगों ने मिलीभगत कर उनके साथ धोखाधड़ी की।

शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने कथित तौर पर डीआईजी वाराणसी और एसबीआई की जाली मुहर तैयार कराईं। इसके बाद इन मुहरों के साथ पुलिस विभाग के आधिकारिक राजस्व कोड का कथित रूप से इस्तेमाल करते हुए एक फर्जी ट्रेजरी चालान तैयार किया गया। इस दस्तावेज के आधार पर लोन खाते से पुलिस सुरक्षा शुल्क के नाम पर 1,07,359 रुपये की राशि काट ली गई।

आरटीआई से सामने आया मामला
रघु मिश्रा का कहना है कि बाद में उन्हें इस रकम की वास्तविकता पर संदेह हुआ। सूचना के अधिकार (आरटीआई) के माध्यम से जानकारी मांगी गई तो पता चला कि संबंधित धनराशि पुलिस विभाग में जमा ही नहीं हुई थी। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।

चौक इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिकवरी एजेंसी, यूनियन बैंक के तत्कालीन अधिकारी राजीव कुमार और अन्य संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जाली दस्तावेज, मुहर और कथित लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

Share this story