धनंजय सिंह पर हमले के मामले में हुई सुनवाई, कोर्ट में पेश हुए पूर्व सांसद
वाराणसी। वर्ष 2002 में पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में मंगलवार को वाराणसी के एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान धनंजय सिंह स्वयं कोर्ट में मौजूद रहे। मामले की अगली सुनवाई अब कल निर्धारित की गई है, जिसमें बहस पूरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस प्रकरण में मुख्य आरोपी समाजवादी पार्टी के बागी विधायक अभय सिंह हैं, जिनका बयान पहले ही अदालत में दर्ज किया जा चुका है। इस केस में अभय सिंह के अलावा एमएलसी विनीत सिंह समेत करीब सात लोगों को नामजद किया गया था। आरोप है कि इन लोगों ने मिलकर धनंजय सिंह, उनके गनर और ड्राइवर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं।
सुनवाई के बाद धनंजय सिंह ने कहा कि अभय सिंह ने अपने चार-पांच साथियों के साथ मिलकर इस हमले को अंजाम दिलाया था। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि आगामी सुनवाई में बहस पूरी हो जाएगी। धनंजय सिंह ने अपने बयान में पुराने मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 1996 में हुए हेमंत सिंह हत्याकांड में अभय सिंह मुख्य अभियुक्त थे, जबकि वे स्वयं सह-अभियुक्त रहे थे।

