नाग पंचमी पर नाग कुआं में उमड़ेंगे श्रद्धालु, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, देखी व्यवस्था
वाराणसी। नाग पंचमी पर जैतपुरा स्थित प्राचीन नाग कुआं मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को नाग पंचमी के अवसर पर सुबह से देर रात तक नाग कुआं में स्नान, दर्शन और पूजन का सिलसिला चलेगा। सर्प दोष से मुक्ति की धार्मिक मान्यता के चलते काशी के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नाग कुआं मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर, नाग कुआं के आसपास सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था का निरीक्षण किया। मंदिर प्रशासन की ओर से शास्त्री चंदन पांडेय ने नाग कुआं की धार्मिक मान्यता और नाग पंचमी पर होने वाले स्नान-दर्शन के बारे में नगर आयुक्त को जानकारी दी।

नगर आयुक्त ने श्रद्धालुओं की संभावित संख्या, स्नान की व्यवस्था, प्रवेश और निकासी के रास्तों तथा भीड़ नियंत्रण की तैयारियों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाए।

सुबह से देर रात तक स्नान
मंदिर प्रशासन के अनुसार नाग पंचमी के दिन सुबह से ही नाग कुआं में श्रद्धालुओं का स्नान शुरू हो जाता है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण स्नान और दर्शन का क्रम देर रात तक जारी रहता है। रात करीब 12 बजे तक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। धार्मिक मान्यता है कि नाग पंचमी पर नाग कुआं में स्नान और नाग देवता के दर्शन-पूजन से सर्प दोष से मुक्ति मिलती है। कई श्रद्धालु यहां के जल को पात्र में भरकर अपने घर भी ले जाते हैं।

बैरिकेडिंग और सफाई पर जोर
भीड़ को देखते हुए नाग कुआं परिसर में बैरिकेडिंग को व्यवस्थित और मजबूत किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को प्रवेश और निकासी मार्ग अलग रखने तथा भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए। लंबी कतार के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

नगर आयुक्त ने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में नगर निगम की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच लगातार सफाई कराई जाए और कूड़ा जमा न होने दिया जाए। इसके लिए पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती रखने को कहा गया है।
रोशनी और सजावट पूरी करने के निर्देश
नाग पंचमी पर देर रात तक श्रद्धालुओं के आने को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नाग कुआं परिसर की रंगाई-पुताई और सजावट का काम भी अंतिम चरण में है। मंदिर प्रशासन के अनुसार नाग पंचमी पर काशी के अलावा विभिन्न राज्यों और विदेशों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। लाखों की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम, जिला प्रशासन और मंदिर प्रशासन की ओर से सफाई, प्रकाश, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

