पंचकोशी यात्रा मार्ग में पांचों पांडवा धर्मशाला में श्रद्धालुओं को मिल रहीं बेहतर सुविधाएं

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पंचकोशी यात्रा के चौथे पड़ाव शिवपुर स्थित पांचो पांडवा धर्मशाला में इस बार श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम की ओर से बेहतर व्यवस्थाएं देखने को मिल रही हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए परिसर में जगह-जगह कूलर लगाए गए हैं, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है और पीने के स्वच्छ पानी की भी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इन व्यवस्थाओं से पंचकोशी यात्रा पर आए श्रद्धालुओं, खासकर महिला यात्रियों ने संतोष जताया है।

123

पंचकोशी यात्रा करने पहुंचीं महिलाओं ने बताया कि इस बार नगर निगम द्वारा यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। धर्मशाला परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था दिखाई दे रही है। नियमित सफाई के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे परिसर स्वच्छ बना हुआ है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।

महिलाओं ने कहा कि गर्मी के मौसम में कूलर और पानी की व्यवस्था यात्रियों के लिए काफी राहत देने वाली साबित हो रही है। देर रात तक यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त लाइट की व्यवस्था भी की गई है, जिससे उन्हें रुकने और आने-जाने में आसानी हो रही है।

हालांकि इन अच्छी व्यवस्थाओं के बीच महिला यात्रियों ने शौचालय व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जाहिर की है। महिलाओं का आरोप है कि पांचो पांडवा धर्मशाला के शौचालय में प्रवेश के लिए उनसे जबरन 5 से 10 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। उनका कहना है कि पैसे नहीं देने पर शौचालय का उपयोग नहीं करने दिया जाता।

श्रद्धालुओं ने बताया कि नगर निगम की ओर से शौचालय को निशुल्क बताया गया है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग यात्रियों से पैसे वसूल रहे हैं। दूर-दराज से पंचकोशी यात्रा करने आए श्रद्धालुओं में इसको लेकर नाराजगी देखी जा रही है। यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की जांच कराकर अवैध वसूली पर रोक लगाई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Share this story