ओटीएस-2026 को लेकर सख्त हुआ विकास प्राधिकरण, बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विकास प्राधिकरण ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस)-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को प्राधिकरण सभागार में आयोजित बैठक में बकाया वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने की।

बैठक में संपत्ति विभाग और मानचित्र से जुड़े कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान बकायेदारों से वसूली की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई और संबंधित कर्मचारियों से फीडबैक लिया गया। सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बकायेदारों से सीधे संपर्क स्थापित कर वसूली सुनिश्चित की जाए और इसके लिए ठोस रणनीति बनाई जाए।

उन्होंने डोर-टू-डोर अभियान चलाने के लिए विशेष टीमों के गठन का निर्देश दिया, ताकि हर बकायेदार तक पहुंचकर उन्हें ओटीएस-2026 योजना के तहत राहत का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा सके। अधिकारियों का मानना है कि इस योजना के माध्यम से बकाया राशि का निपटारा सरल और सुविधाजनक तरीके से किया जा सकता है।

सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो बकायेदार इस योजना का लाभ नहीं उठाएंगे, उनके खिलाफ भविष्य में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इसे बकायेदारों के लिए सुनहरा अवसर बताते हुए कहा कि समय रहते इसका लाभ उठाना सभी के हित में है।

बैठक में जोनल अधिकारियों और अवर अभियंताओं (जेई) को फील्ड में सक्रिय रहने और वसूली कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर शिथिलता पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर नगर नियोजक प्रभात कुमार, संपत्ति अधिकारी रमेश चंद दुबे सहित जोनल अधिकारी, अवर अभियंता और संपत्ति विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this story