विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन, किसानों को तकनीक, योजनाओं और उत्पादकता से जोड़ने की पहल

वाराणसी। कृषि कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 29 मई से 12 जून तक "विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025" का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान वाराणसी, मिर्जापुर और आजमगढ़ मंडलों के सभी न्याय पंचायतों में संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य खरीफ मौसम में आधुनिक तकनीकों को किसानों तक पहुंचाना और सरकार की योजनाओं की जानकारी देना है, जिससे कृषि उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। सर्किट हाउस सभागार में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में आयोजित मीटिंग में इसको लेकर विस्तार से चर्चा की गई। निदेशक कृषि द्वारा अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
अभियान का संचालन तीन चरणों में प्रतिदिन किया जाएगा। सुबह 8 से 11 बजे, दोपहर 12 से 2 बजे (छायायुक्त स्थल पर), और शाम 3 से 6 बजे तक आयोजन किया जाएगा। इसमें आईसीएआर, कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs) और कृषि से संबंधित विभागों के वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और अधिकारी किसानों को प्रशिक्षण देंगे। कृषि मंत्री ने बताया कि यह अभियान “लैब टू लैंड” कार्यक्रम की अवधारणा पर आधारित है, जिससे वैज्ञानिक तकनीकों को किसानों तक ले जाया जाएगा। इसमें मृदा स्वास्थ्य सुधार, स्वायल टेस्टिंग के आधार पर उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, जल प्रबंधन, और किसानों की प्रतिक्रिया के आधार पर योजनाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
दलहन, तिलहन की उत्पादकता बढ़ाना, कृषि निवेश को आकर्षित करना, फसल आच्छादन को 77% से अधिक करना तथा अगले तीन वर्षों में उत्तर प्रदेश की कृषि उत्पादकता को 50% तक बढ़ाना इस अभियान के प्रमुख लक्ष्य हैं। किसान रथों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा और किसानों को क्षेत्रीय भ्रमण भी कराया जाएगा।
फार्मर रजिस्ट्री को मजबूत करने तथा पीएम किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों को जोड़ने हेतु लेखपालों की भी सहायता ली जाएगी। कृषि उत्पादन आयुक्त ने कृषि ऋण और सीडी रेशियो की समीक्षा करते हुए बताया कि इस बार इसका लक्ष्य 67% निर्धारित किया गया है, जिसे प्राप्त करने के लिए बैंकों व जिलों को सामूहिक प्रयास करने होंगे।
यह अभियान किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार का एक व्यापक और प्रभावशाली प्रयास है, जो कृषि क्षेत्र में नवाचार और समावेशी विकास को गति देगा। मीटिंग में कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार, प्रमुख सचिव कृषि रवीन्द्र कुमार, निदेशक कृषि जितेंद्र तोमर, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, आजमगढ़ व मिर्जापुर मंडलों के अधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी उपस्थित रहे।