Dev Diwali 2023 : देव दीपावली पर दिखेगा अद्भुत नजारा, घाटों के साथ ही रोशनी से जगमगाएंगे काशी के चौराहे व पेड़ 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी की अद्भुत व अलौलिक छटा दिखेगी। इस दौरान काशी के अर्द्धचंद्रकार घाट 11 लाख दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे। वहीं प्रमुख चौराहे और पेड़ भी झालरों की रोशनी से नहा उठेंगे। आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन जुटा हुआ है। 

20 सेक्टरों में बांटकर होगी सफाई 
देव दीपावली के मद्देनजर गंगा किनारे के इलाके, घाटों व गलियों को 20 सेक्टरों में बांट कर सफाई कराई जाएगी। नगर निगम के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की टीम देव दीपावली को लेकर सफाई व अन्य व्यवस्थाओं की मानीटरिंग करेगी। जिला प्रशासन की ओर से घाटों पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के साथ ही घाट आवंटित कर दिए गए हैं। 

शाम 5.15 बजे से जलेंगे दीप 
देव दीपावली पर शाम 5.15 बजे दीप प्रज्ज्वलन का क्रम शुरू होगा। इस कार्य में आश्रमों व समितियों के स्वयंसेवकों की मदद ली जाएगी। स्वयंसेवक तीन घंटे के लिए तैनात किए जाएंगे। उन्हें समय पर दीप प्रज्ज्वलन कराने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

Share this story