देव दीपावली : दीपों की आभा से आज आलोकित होगा गंगा का किनारा, घाटों पर दिखेगा अद्भुत नजारा, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

WhatsApp Channel Join Now

88 घाटों पर दीपोत्सव, लेजर और ड्रोन शो समेत होंगे भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं

वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध काशी की देव दीपावली को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के स्वागत के लिए गंगा के घाटों से लेकर प्रमुख आयोजन स्थलों तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस बार भी काशी के गंगा घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमग होंगे। इसके साथ ही भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लेजर शो, ड्रोन शो और अन्य आकर्षक कार्यक्रम आयोजन का प्रमुख आकर्षण होंगे।

आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आयुक्त वाराणसी मंडल, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त तथा अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग ने विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं की स्थिति परखी। प्रशासन के अनुसार निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं और तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

देव दीपावली पर घाटों और निर्धारित स्थलों पर प्रज्ज्वलित किए जाने वाले दीपों का वितरण संबंधित घाट समितियों एवं आयोजकों को कर दिया गया है। घाट समितियां, स्वयंसेवी संस्थाएं और संबंधित कर्मचारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। घाटों की सजावट, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई के साथ सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा अग्निशमन के इंतजाम भी पूरे कर लिए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, पर्यटन विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग और अग्निशमन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। सुगम आवागमन और सुरक्षित दर्शन को प्राथमिकता दी गई है।

काशी की देव दीपावली अपनी आध्यात्मिक भव्यता और सांस्कृतिक विरासत के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। इस आयोजन के माध्यम से एक बार फिर काशी की परंपरा, धार्मिक आस्था और पर्यटन की वैश्विक पहचान को प्रदर्शित करने की तैयारी है। दीपों की रोशनी, गंगा तट पर होने वाले आयोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच काशी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।

BK Pathak
BK Pathak

21964 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story