Dev Deepawali: पुलिस आयुक्त ने परखी तैयारी, पैदल भ्रमण कर घाटों का लिया जायजा, दिए निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

11 लाख दीयों से रोशन होंगे काशी के घाट, 2000 से अधिक ड्रोन से आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा 

24 नवंबर को मनेगी देव दीपावली, 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं करेंगी मां गंगा की महाआरती, चेतसिंह घाट पर लेजर तो गंगा पार होगा ग्रीन क्रैकर शो

15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान, सुरक्षा इंतजामों में जुटा प्रशासन 

वाराणसी। काशी एक बार फिर भव्य दीपोत्सव की साक्षी बनने जा रही है। 24 नवंबर को देव दीपावली पर गंगा के दोनों किनारे दीपों की रोशनी से जगमग होंगे। काशी के 84 घाटों पर 11 लाख दीये जलाए जाएंगे। इस बार दीपों की अनुपम छटा के साथ आसमान में भी रोशनी का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। पहली बार नमो घाट पर 2000 ड्रोन के माध्यम से विशेष ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। वहीं चेतसिंह किला घाट पर लेजर शो और गंगा पार ग्रीन क्रैकर शो आकर्षण का केंद्र होगा। आयोजन में 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के शामिल होने का अनुमान है। देव दीपावली के आयोजन को लेकर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को घाटों और इलाके के पैदल भ्रमण किया। इस दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

श्रद्धालुओं की इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा और डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल के साथ विभिन्न घाटों और आसपास के इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आयोजन स्थलों, प्रमुख घाटों और भीड़ जुटने वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि देव दीपावली के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न हो। घाटों पर भीड़ नियंत्रण, सुगम आवागमन, निगरानी और गंगा में नौका संचालन को लेकर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सभी सुरक्षा इंतजाम समय से पूरा करने के भी निर्देश दिए गए।

123

21 अर्चक और 42 देव कन्याएं करेंगी मां गंगा की महाआरती
देव दीपावली पर मां गंगा की महाआरती भी विशेष आकर्षण होगी। 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं मां गंगा की आरती करेंगी। इसके अलावा काशी के सात प्रमुख घाटों पर महाआरती का आयोजन होगा। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा के इस पार और उस पार दोनों तरफ विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रमुख घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

123

7500 पुलिसकर्मियों के जिम्मे होगी सुरक्षा
देव दीपावली पर करीब 7500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रमुख घाटों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। पुलिस आयुक्त के निरीक्षण के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियों में और तेजी आई है। घाटों पर पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के साथ गंगा में नावों और बजड़ों के संचालन पर भी निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

123

पांच दीयों से शुरू हुआ सफर, अब 84 घाटों तक पहुंचा दीपोत्सव
काशी की देव दीपावली की शुरुआत वर्ष 1985 में पंचगंगा घाट से हुई थी। उस समय घाट पर क्रिकेट खेलने वाले कुछ युवाओं ने श्रद्धालुओं से दीये और तेल के लिए पैसे जुटाकर पांच दीये जलाए थे। वर्ष 1986 में इस पहल से प्रेरित होकर पंचगंगा के साथ बालाजी, सिंधिया, मानमंदिर और अहिल्याबाई घाट पर भी दीपोत्सव मनाया गया। वर्ष 1987 में दशाश्वमेध घाट सहित कुल 15 घाटों तक यह आयोजन पहुंच गया। धीरे-धीरे यह परंपरा पूरे काशी की पहचान बन गई और आज 84 घाटों पर लाखों दीप जलाए जाते हैं।

123

मान्यता : देवताओं के स्वागत में जलते हैं दीप
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस खुशी में देवताओं ने काशी पहुंचकर दीप जलाए और उत्सव मनाया। मान्यता है कि इस दिन स्वर्ग से देवता काशी आते हैं और मां गंगा में स्नान कर दीपोत्सव मनाते हैं। इसी परंपरा के चलते कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है।

होटल से नाव तक बुकिंग फुल, 25 हजार तक पहुंचा कमरे का किराया
देव दीपावली की अद्भुत छटा देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। शहर के होटल, लॉज और गेस्ट हाउस पहले ही बुक हो चुके हैं। एक कमरे का किराया पांच हजार से लेकर 25 हजार रुपये तक पहुंच गया है। वहीं गंगा में दीपोत्सव देखने के लिए नाव और बजड़ों की बुकिंग भी पहले से हो चुकी है। नावों की बुकिंग 50 हजार से लेकर पांच लाख रुपये तक बताई जा रही है।

इस बार काशी की देव दीपावली परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम पेश करेगी। एक ओर गंगा के 84 घाटों पर लाखों दीपों की झिलमिलाहट होगी तो दूसरी ओर आसमान में 2000 ड्रोन की रोशनी, लेजर और ग्रीन क्रैकर शो पर्यटकों को आकर्षित करेंगे। वहीं पुलिस प्रशासन की व्यापक सुरक्षा तैयारियों के बीच काशी इस भव्य आयोजन के लिए तैयार हो रही है।

BK Pathak
BK Pathak

21925 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story