देव दीपावली : 151 लीटर दूध से होगा मां गंगा का अभिषेक, 500 किलो फूलों से सजेगा दशाश्वमेध घाट

WhatsApp Channel Join Now

देव दीपावली पर गंगोत्री सेवा समिति की महाआरती होगी शिव महिमा और काशी की आध्यात्मिक विरासत को समर्पित, 21 बटुक और 21 डमरू दल बढ़ाएंगे आयोजन की शोभा

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी के प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर इस बार मां गंगा की महाआरती भगवान शिव की महिमा, काशी की आध्यात्मिक विरासत और स्वच्छ गंगा के संकल्प को समर्पित होगी। गंगोत्री सेवा समिति की ओर से आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा। वहीं घाट को 500 किलो देशी और विदेशी फूलों से सजाया जाएगा। परंपरा और आधुनिक तकनीक के संगम से होने वाला यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे बाबू महाराज और सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे ने बताया कि समिति पिछले 36 वर्षों से देव दीपावली पर मां गंगा की विशेष आराधना करती आ रही है। इस वर्ष भी वैदिक रीति से गंगा महारानी का पूजन-स्तवन और 151 लीटर दूध से अभिषेक कर गंगा को निर्मल रखने का संदेश दिया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए पर्यावरण अनुकूल दीपदान पर विशेष जोर रहेगा।

123

108 किलो की अष्टधातु प्रतिमा होगी आकर्षण
महाआरती के दौरान गंगा तट पर सिंहासनारूढ़ गंगा देवता के स्वागत की विशेष व्यवस्था होगी। मां गंगा की 108 किलो की अष्टधातु से निर्मित श्रृंगारिक प्रतिमा और उनकी भव्य आरती श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। पूरे घाट को फूलों से सजाने के साथ शास्त्रोक्त विधि से पूजन किया जाएगा। महाआरती में बेटियों का नेतृत्व रहेगा, जो नारी शक्ति के सम्मान का संदेश देगा। इस वर्ष 21 बटुक और 21 डमरू दल भी आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।

123

शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती करेंगे अध्यक्षता
आयोजन की अध्यक्षता सुमेरू पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती करेंगे। महाआरती के बाद काशी के लोकप्रिय गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। देव दीपावली महोत्सव का संचालन गंगा सेवक एवं नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला करेंगे। आयोजन में वाराणसी के जनप्रतिनिधियों के साथ देश-विदेश से आमंत्रित अतिथि और विभिन्न प्रतिष्ठित बैंकों के अधिकारी परिवार सहित शामिल होंगे।

123

केदार घाट पर भी होगी भव्य गंगा आरती
गंगोत्री सेवा समिति की ओर से देव दीपावली पर काशी के पौराणिक केदार घाट पर भी मां गंगा की भव्य आरती आयोजित की जाएगी। इसका संयोजन पं. संदीप कुमार दुबे करेंगे। समिति का उद्देश्य दोनों घाटों पर धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

BK Pathak
BK Pathak

21925 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story