Dev Deepawali: आस्था, भक्ति और दिव्यता से जगमगाया काशी विश्वनाथ धाम, तस्वीरों में देखिये अलौकिक छटा
वाराणसी। देव दीपावली के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता देखते ही बन रही है। बाबा के दरबार को फूलों से इस तरह सजाया गया कि पूरा परिसर सुगंध और सौंदर्य से महक उठा। रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से जगमगाता मंदिर परिसर ऐसा आभास करा रहा है, मानो देवताओं की नगरी काशी में स्वयं देवलोक उतर आया हो। फूलों की मनमोहक सजावट और रोशनी की अद्भुत छटा ने बाबा के धाम की दिव्यता को और निखार दिया।

देव दीपावली के अवसर पर बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए मंदिर की साज-सज्जा विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मंदिर परिसर के विभिन्न हिस्सों में की गई आकर्षक पुष्प सज्जा और रंगीन रोशनी के बीच श्रद्धालु कुछ पल ठहरकर इस अनुपम सौंदर्य को निहारते नजर आ रहे हैं। हर ओर उत्सव का उल्लास और भक्ति का भाव दिखाई दे रहा है।

काशी की देव दीपावली केवल दीपों का उत्सव नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक परंपराओं का जीवंत उत्सव है। ऐसे में श्री काशी विश्वनाथ धाम की सजीव और भव्य छवि इस पर्व के महत्व को और विशेष बना रही है। फूलों की खुशबू, रोशनी की चमक और बाबा के दरबार में उमड़ती आस्था के बीच पूरा परिसर शिवमय नजर आ रहा है।
देखिये तस्वीरें ...























