डिप्टी सीएम ने बाबा विश्वनाथ का किया रुद्राभिषेक, प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को वाराणसी प्रवास के दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की। मंदिर में दर्शन के दौरान उन्होंने देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य तथा जनकल्याण के लिए भगवान शिव से आशीर्वाद भी मांगा।

श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने पर मंदिर प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रही, जिससे श्रद्धालुओं के दर्शन पर किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े और व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रहे।

123

पूजा-अर्चना के बाद उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और वहां मौजूद श्रद्धालुओं से भी आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता और व्यवस्थाओं की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। बाबा विश्वनाथ की कृपा से उत्तर प्रदेश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और सरकार जनहित एवं लोककल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

इस अवसर पर पूर्व महापौर कौशलेंद्र प्रताप सिंह, वाराणसी कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर प्रदेश की उन्नति, समाज में सुख-शांति और राष्ट्र की समृद्धि की प्रार्थना की। उपमुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन अलर्ट रहा।

Share this story