डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मंडलीय अस्पताल का किया निरीक्षण, मरीजों से बात कर स्वास्थ्य सेवाओं का जाना हाल, नए अस्पताल के निर्माण के बाबत दिए निर्देश
वाराणसी। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को श्री शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि श्री शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय शहर का एक अत्यंत पुराना और महत्वपूर्ण अस्पताल है। इसके स्थान पर नए अत्याधुनिक अस्पताल के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पुराने अस्पताल की सेवाओं को एमसीएच विंग में स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से मिलती रहें।

उन्होंने कहा कि नए अस्पताल के निर्माण पर 315.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद पर भी अलग से धनराशि व्यय की जाएगी। नए अस्पताल में मरीजों के लिए बेड क्षमता बढ़ाई जाएगी तथा एमआरआई, डायलिसिस सहित अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मंडलीय चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं का और विस्तार होगा।
डिप्टी सीएम ने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की हर 15 दिन पर समीक्षा की जाएगी। साथ ही एडी हेल्थ और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अस्पताल में जांच के दौरान कर्मचारियों की अनुपस्थिति के संबंध में पूछे गए सवाल पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जांच मशीनों के संचालन के लिए हमेशा कोई न कोई प्रशिक्षित कर्मचारी उपलब्ध रहे, ताकि आपातकालीन और नियमित चिकित्सा सेवाएं किसी भी स्थिति में प्रभावित न हों। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का भी निर्देश दिया।

