डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे वाराणसी, बोले-गौ माता सनातन में सर्वोपरि, अखिलेश यादव पर साधा निशाना
वाराणसी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कई समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गौ माता सनातन धर्म में सर्वोपरि है और हमारे लिए पूजनीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को हमेशा से माता का दर्जा दिया गया है और यह परंपरा आगे भी बनी रहेगी। डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।
शंकराचार्य से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि वह किसी भी प्रकार के विवाद में पड़ना नहीं चाहते हैं, इसलिए इस विषय पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझते। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विवादों से बचना चाहिए और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाए रखना जरूरी है।
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अक्सर बड़बोले बयान देते रहते हैं। उन्हें यह समझना चाहिए कि चीन ने भारत की कई जमीनों पर कब्जा किया है और कई बार विश्वासघात भी किया है। ऐसे में कांग्रेस के साथ मिलकर इस प्रकार के बयान देना क्या साबित करना चाहता है, यह वही बेहतर जानते होंगे।
बिहार की राजनीति से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाने का फैसला एक बड़ा राजनीतिक निर्णय है। हालांकि उन्होंने इस पर ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि फिलहाल इस विषय पर कुछ कहना उचित नहीं होगा।
उपमुख्यमंत्री वाराणसी में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका स्वागत किया। वाराणसी दौरे के दौरान उन्होंने विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर अपनी बात रखी और कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान भी किया।

