एयर शो में शामिल होंगे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, पीएम मोदी के साथ नमो घाट पर रहेंगे मौजूद, बाबतपुर एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और नमो घाट पर 25 अक्टूबर को होने वाले भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल होने के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर अभिनंदन के बाद उपमुख्यमंत्री चंदौली जिले के धानापुर स्थित दशमी तालाब परिसर में आयोजित संगीतमय श्रीराम कथा के समापन समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। कार्यक्रम के बाद उनके वाराणसी लौटने और रात्रि विश्राम करने का कार्यक्रम है।
पीएम मोदी के साथ नमो घाट पर एयर शो देखेंगे
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी मौजूद रहने का प्रस्तावित कार्यक्रम है। गंगा के ऊपर होने वाले हवाई प्रदर्शन में वायुसेना के लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपनी क्षमता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात तथा भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे के दौरान मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में अरविंद मिल की नई इकाई के उद्घाटन का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में एयर शो और अन्य कार्यक्रमों को लेकर जिले में प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रियों के पहुंचने की भी संभावना है। उपमुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में गुड्डू महाराज, आशु सिंह, जितेंद्र, अमन और भूपेंद्र सिंह समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश मंत्री भाजपा किसान मोर्चा एवं एयरपोर्ट पर भाजपा के प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पांडेय भी उपस्थित रहे।

