घने कोहरे की चादर में लिपटी काशी : विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम, उड़ान और रेल सेवा प्रभावित, रात 11 बजे दिल्ली से आने वाली वंदे भारत पहुंचेगी सुबह
वाराणसी। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे से वाराणसी में घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे की तीव्रता इतनी अधिक है कि शहर के कई इलाकों में सामान्य आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे जनजीवन के साथ-साथ परिवहन सेवाओं पर भी असर पड़ा है।
एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी शून्य, उड़ानों पर संकट
सूर्यास्त के बाद वाराणसी एयरपोर्ट पर दृश्यता में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बीते एक घंटे से विजिबिलिटी शून्य (ZERO) बताई जा रही है। घने कोहरे के कारण पायलटों को लैंडिंग और टेक-ऑफ में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। एयरपोर्ट प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और मौसम साफ होने के बाद ही उड़ान संचालन सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।

मौसम विभाग की चेतावनी, 50 मीटर से भी कम दृश्यता
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार वाराणसी में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रिकॉर्ड की गई है। यह स्थिति खासतौर पर देर रात और तड़के घंटों में और गंभीर हो सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर जोखिम बढ़ गया है।
वंदे भारत एक्सप्रेस भी हुई प्रभावित
कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है। नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली सेमी हाईस्पीड ट्रेन संख्या 22416 वंदे भारत एक्सप्रेस को घने कोहरे के कारण काफी लेट चल रही है। यह ट्रेन रात्रि 11:05 बजे के बजाय अब मंगलवार सुबह करीब 7 बजे तक वाराणसी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

पश्चिमी विक्षोभ से बिगड़ा मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बनी हुई है। यह विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के साथ-साथ परोक्ष रूप से उत्तर प्रदेश और उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते ठंड के साथ-साथ कोहरे की तीव्रता भी बढ़ गई है।

