दालमंडी सड़क चौड़ीकरण के लिए ध्वस्तीकरण अभियान तेज, मशीनों से तोड़ी जा रही दुकानें और मकान 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर की बहुप्रतीक्षित दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान को और गति देते हुए भारी मशीनों को लगाया गया है। पोकलैंड मशीनों की एंट्री के बाद मकानों और दुकानों को हटाने का कार्य पहले की तुलना में काफी तेज हो गया है।

दालमंडी क्षेत्र में सैकड़ों भवनों के ध्वस्तीकरण के चलते सड़क का प्रस्तावित स्वरूप अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। वर्षों से घनी आबादी और संकरी गलियों के लिए पहचाने जाने वाले इस इलाके में चौड़ी सड़क निर्माण की दिशा में प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान ध्वस्त किए जा चुके हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में मलबे के बड़े-बड़े ढेर दिखाई दे रहे हैं।

प्रशासन का कहना है कि वर्तमान में ध्वस्त किए गए भवनों के मलबे को हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। मलबा हटने के बाद अगले चरण में शेष चिन्हित भवनों पर कार्रवाई शुरू की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार 11 जून से नए भवनों के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, जिसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना को शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सड़क चौड़ी होने से इस क्षेत्र में जाम की समस्या कम होने के साथ-साथ आवागमन भी सुगम होगा। दशाश्वमेध क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि ध्वस्तीकरण अभियान प्रशासनिक निगरानी में शांतिपूर्वक चल रहा है। उन्होंने कहा कि चिन्हित भवनों को हटाने के बाद अगले चरण में मार्ग के दायरे में आने वाली मस्जिदों को शिफ्ट करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके लिए संबंधित पक्षों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है ताकि परियोजना निर्धारित समय के भीतर पूरी की जा सके।

Share this story