जन्मदिन पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में किया रुद्राभिषेक, बनारसी व्यंजनों का चखा स्वाद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने दो दिवसीय वाराणसी प्रवास के दूसरे दिन रविवार को अपना जन्मदिन काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के बीच मनाया। उन्होंने काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन कर दिल्ली सहित पूरे देश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने बनारस के प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेकर शहर की आत्मीयता और सांस्कृतिक विरासत को करीब से महसूस किया।

सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचीं, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने बाबा विश्वनाथ का रुद्राभिषेक और विशेष पूजन किया। 

123

रविवार सुबह करीब नौ बजे मुख्यमंत्री ताज होटल से अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हुईं। होटल परिसर में भाजपा महिला मोर्चा वाराणसी महानगर की अध्यक्ष कुसुम पटेल के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर नम्रता चौरसिया, मंजू सिंह, आरती पाठक, नेहा कक्कड़, उषा सिंह, प्रीति पुरोहित, अनिषा शाही, रीना पात्रों, दीपशिखा, सीमा यादव, उषा परिहार, सुषमा सिंह और मीरा गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

123

इसके बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले काशी कोतवाल बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचीं। यहां क्षेत्रीय पार्षद कनकलता मिश्रा और महिला कार्यकर्ताओं ने उनकी आरती उतारकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

काल भैरव मंदिर से निकलने के बाद रेखा गुप्ता अपने परिजनों के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचीं। यहां भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक एवं पूजन किया। दर्शन के उपरांत उन्होंने विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का भ्रमण किया और इसकी भव्यता, स्वच्छता तथा आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि काशी का आध्यात्मिक वातावरण हर किसी को आत्मिक शांति का अनुभव कराता है। जन्मदिन के अवसर पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उन्होंने अपने जीवन का सौभाग्य बताया।

धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री ने बनारस के पारंपरिक स्वाद का भी आनंद लिया। वह चौक स्थित प्रसिद्ध लक्ष्मी चाय की दुकान पहुंचीं, जहां उन्होंने मलाई टोस्ट, मक्खन टोस्ट और कुल्हड़ चाय का स्वाद लिया। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल और नवरतन राठी भी उनके साथ मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और उन्होंने भी लोगों से आत्मीय संवाद किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री अपने परिवार के साथ नदेसर स्थित प्रसिद्ध राम भंडार पहुंचीं, जहां उन्होंने बनारसी कचौड़ी और जलेबी का स्वाद लिया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय, आयुष जायसवाल, संतोष सोलापुरकर सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story