ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने काशी पहुंचे कई देशों के प्रतिनिधि, हुए भव्य स्वागत
वाराणसी। विश्व संस्कृति कार्य समूह (कल्चर वर्किंग ग्रुप) की दूसरी बैठक में भाग लेने के लिए विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों का वाराणसी आगमन जारी है। गुरुवार को ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, रूस और जॉर्डन सहित कई देशों के प्रतिनिधि काशी पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
प्रतिनिधियों का आगमन लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर हुआ। एयरपोर्ट प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के नेतृत्व में अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान विदेशी मेहमानों को बनारस की लोक कला, शहनाई वादन तथा पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों से परिचित कराया गया। साथ ही काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली भारतीय संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत की गई। विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों ने स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान भारत सहित चीन, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, ब्राजील, रूस, जॉर्डन, मिस्र, ईरान, सऊदी अरब और अन्य देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। सम्मेलन स्थल पर आगंतुकों के लिए हस्तशिल्प, सिल्क उत्पाद, कालीन, लकड़ी की कलाकृतियां और अन्य पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। प्रदर्शनी में दिल्ली और अन्य राज्यों के जीवंत कला प्रदर्शनों को भी शामिल किया गया है।

