वाराणसी पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, वायुसेना के एयर शो में होंगे शामिल, करेंगे दर्शन-पूजन
वाराणसी। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शनिवार शाम वाराणसी पहुंच गए। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद वह सड़क मार्ग से कैंटोनमेंट स्थित 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर (जीटीसी) के लिए रवाना हुए। रक्षामंत्री वायुसेना के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एयर शो में रविवार को शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के साथ नमो घाट पर मौजूद रहेंगे। रक्षामंत्री के आगमन के मद्देनजर प्रशासन मुस्तैद है।
राजनाथ सिंह शनिवार की शाम वायुसेना के विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। रक्षामंत्री एयरपोर्ट से 39 जीटीसी के लिए रवाना हुए। वे 39 जीटीसी में कुछ देर विश्राम करने के बाद संकटमोचन मंदिर और बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह वापस 39 जीटीसी लौटेंगे, जहां रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। रविवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल होंगे। गंगा के ऊपर होने वाले इस हवाई प्रदर्शन में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के रोमांचक करतब आकर्षण का केंद्र रहेंगे। एयर शो को देखने के लिए गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम के बाद रक्षामंत्री के कैंटोनमेंट स्थित 39 जीटीसी में दोपहर का भोजन करने का कार्यक्रम निर्धारित है। प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। एयर शो के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और वीवीआईपी सुरक्षा के लिए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। स्वागत करने वालों में बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, उत्तर प्रदेश सरकार मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा,जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या,विपिन सिंह,आशुतोष आशु सिंह के साथ प्रदेश मंत्री भाजपा किसान मोर्चा/ प्रोटोकॉल प्रभारी भाजपा एयरपोर्ट शैलेश पांडेय शामिल रहे।

