वाराणसी आएंगे रक्षामंत्री और मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री के साथ एयर शो में होंगे शामिल, प्रशासन अलर्ट
वाराणसी। काशी में भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम वाराणसी पहुंचेंगे। वीवीआईपी आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार शाम करीब पांच बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से कैंटोनमेंट स्थित 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर (जीटीसी) जाएंगे। कुछ देर विश्राम के बाद उनके संकटमोचन मंदिर और बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह वापस 39 जीटीसी लौटेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।
रविवार को पीएम मोदी के साथ नमो घाट पर रहेंगे मौजूद
रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नमो घाट पर आयोजित वायुसेना के एयर शो में शामिल होंगे। गंगा के ऊपर होने वाले हवाई प्रदर्शन में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के करतब आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन को देखने के लिए गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। एयर शो के बाद रक्षा मंत्री के कैंटोनमेंट स्थित 39 जीटीसी में दोपहर का भोजन करने का कार्यक्रम निर्धारित है।
वाराणसी पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम राजकीय हेलीकॉप्टर से वाराणसी आएंगे। मुख्यमंत्री लखनऊ स्थित पांच कालिदास मार्ग से प्रस्थान करेंगे। उनका हेलीकॉप्टर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद सड़क मार्ग से सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं रविवार को प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री के साथ नमो घाट पर एयर शो में शामिल होंगे।

