डीसीपी ने चोलापुर थाने का किया निरीक्षण, मामलों के निस्तारण, अभिलेखों के रखरखाव का लिया जायजा, दिए कड़े निर्देश
वाराणसी। डीसीपी वरूणा जोन प्रमोद कुमार ने चोलापुर थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान क्राइम कंट्रोल, मामलों के निस्तारण, अभिलेखों के रखरखाव, सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने रात्रि गश्त, चेकिंग और क्राइम कंट्रोल के बाबत जरूरी निर्देश दिए। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीसीपी ने थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेख कक्ष, कंप्यूटर कक्ष व बंदी गृह का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। थाने के विभिन्न रजिस्टरों, प्रार्थना पत्रों, सीसीटीएनएस व अन्य अभिलेखों की भी जांच की।
डीसीपी ने फैंटम/पीआरवी कर्मियों को रात्रिकाल में हूटर बजाते हुए लगातार गश्त करने, संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग करने तथा क्षेत्र में सतर्क दृष्टि बनाए रखने हेतु निर्देशित किया। कहा कि महिला हेल्प डेस्क पर नियुक्त कर्मी महिला संबंधी शिकायतों का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता से निस्तारण करें।
थाने पर प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण, न्यायालय द्वारा निर्गत सम्मन, नोटिस, एनबीडब्ल्यू आदि की शत-प्रतिशत तामीला तथा ई-शमन के माध्यम से तामीला की ससमय ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए।
थाना स्तर पर लंबित विवेचनाओं को 60/90 दिवस के अन्दर ई-साक्ष्य पोर्टल का समुचित उपयोग करते हुए डिजिटल साक्ष्यों को समय से अपलोड कर गुणवत्तापूर्ण विवेचना पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई, अनुशासन व पुलिसकर्मियों के व्यवहार को और बेहतर बनाए रखने पर बल दिया।

