वार्ड प्रवास का 14वां दिन : कृतिवाशेश्वर वार्ड को मिलेगा नया स्वरूप, सीवर-पानी लाइन बदलने और स्मार्ट चौका निर्माण के निर्देश
वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के 14वें दिन विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने मध्यमेश्वर मंडल के कृतिवाशेश्वर वार्ड का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सीवर तथा पेयजल पाइपलाइन बदलने के साथ-साथ पीसीसी एवं स्मार्ट चौका निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।
जनसंपर्क के दौरान सुनीं लोगों की समस्याएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में चल रहे वार्ड प्रवास अभियान के तहत विधायक ने स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और क्षेत्रीय भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क, सीवर, पेयजल और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव विधायक के समक्ष रखे। मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पूरे वार्ड में बदले जाएंगे सीवर और पेयजल की पाइपलाइन
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि कृतिवाशेश्वर वार्ड में पुरानी सीवर और पेयजल पाइपलाइन को बदलकर नई लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में पीसीसी सड़क एवं स्मार्ट चौका निर्माण का कार्य भी कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर विकास कार्यों की शुरुआत जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
मच्छ्योदरी कुंड और पार्क के सुंदरीकरण की बनेगी डीपीआर
क्षेत्र भ्रमण के दौरान विधायक ने मच्छ्योदरी कुंड एवं पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसके समग्र सुंदरीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के स्थल को आकर्षक स्वरूप दिया जा सके और स्थानीय लोगों के साथ-साथ आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत लगाए पौधे
वार्ड प्रवास के दौरान विधायक ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत पांच पौधे भी रोपे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है और प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण कर प्रकृति के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। स्वच्छता और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
देखें वीडियो

