वाराणसी की सड़कों पर रात में नहीं दिखेंगे डार्क स्पॉट, 20 वार्डों में 7500 स्ट्रीट लाइटों की हुई जांच
95 प्रतिशत प्रकाश बिंदु मिले चालू, शिवपुरवा-सिगरा समेत प्रमुख क्षेत्रों में नए पोल और सेमी हाईमास्ट लगाने की तैयारी
वाराणसी। शहर में रात के समय अंधेरे वाले स्थानों को खत्म करने और रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने कार्ययोजना तैयार की है। इसी क्रम में सात अक्टूबर की रात नगर निगम के अधिकारियों और आलोक विभाग की टीमों ने एक साथ 20 वार्डों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य सड़कों से लेकर आंतरिक गलियों तक स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था की स्थिति जांची गई।
निरीक्षण में राजघाट, चौकाघाट, सरसौली, तुलसीपुर, सिगरा, शिवपुरवा और गोलाघाट समेत विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया। निगम के अनुसार 20 वार्डों में 7,500 से अधिक प्रकाश बिंदुओं की जांच की गई, जिनमें करीब 95 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें चालू मिलीं। हालांकि, कई स्थानों पर लाइटें बंद मिलीं। शिवपुरवा में 119, सिगरा में 68 और गोलाघाट में 23 समेत कुल 210 प्रकाश बिंदु बंद पाए गए।
32 नई लाइट और 50 पोल लगाने का प्रस्ताव
निरीक्षण के दौरान चिह्नित डार्क स्पॉट को समाप्त करने के लिए नगर निगम ने 32 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना बनाई है। इसके अलावा 50 नए पोल लगाए जाएंगे। इनमें शिवपुरवा में 40 और सिगरा में 10 पोल प्रस्तावित हैं। प्रमुख स्थानों को पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने के लिए आठ सेमी हाईमास्ट लगाने का भी प्रस्ताव तैयार किया गया है।
नगर निगम ने बंद और लंबे समय से खराब पड़ी ईईएसएल की पीली लाइटों को तत्काल बदलने का निर्णय लिया है। जरूरत वाले क्षेत्रों में स्विचमैन की तैनाती की जाएगी, ताकि खराब होने वाली स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत समय से कराई जा सके।
गलियों में सफाई पर भी रहेगा जोर
निरीक्षण के दौरान आंतरिक गलियों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने प्रमुख स्थलों पर सफाई मित्रों की मौजूदगी और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण अभियान में अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता व बरखा सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र आनंद, मुख्य नगर लेखा परीक्षक एसपी सिंह, अधिशासी अभियंता आरके लाल, जोनल अधिकारी रीता रानी विक्रम, सेनेटरी आफिसर क्षितिज मिश्रा सहित आलोक विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

