दालमंडी सड़क चौड़ीकरण: सपा नेता घर में नजरबंद, दालमंडी जाएगा सपा का प्रतिनिधिमंडल
वाराणसी। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का विरोध हो रहा है। विपक्षी दल भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाने में जुटे हैं। सपा का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दालमंडी इलाके का दौरा करेगा। हालांकि इससे पहले ही पुलिस मुस्तैद हो गई है। पुलिस ने सपा नेता सत्य प्रकाश सोनकर को उनके घर में नजरबंद कर दिया। इसको लेकर सपाइयों में आक्रोश है।
पुलिस सपा नेता सत्य प्रकाश सोनकर के आवास पहुंची और उन्हें घर पर ही नजरबंद कर दिया। सूत्रों के अनुसार अन्य सपा नेताओं के घरों पर भी पुलिस पहुंच रही है और उन्हें बाहर निकलने से रोका जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। दालमंडी इलाके में बिना अनुमति प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। समाजवादी पार्टी ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है, जबकि प्रशासन का कहना है कि शांति और सुरक्षा सर्वोपरि है।
दालमंडी जाएगा सपा का प्रतिनिधिमंडल
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर नेता विरोधी दल लालबिहारी यादव ने 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया है। इसमें पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, शहर दक्षिणी विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी किशन दीक्षित, सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रिबू श्रीवास्तव, पूर्व प्रत्याशी अशफाक अहमद डब्लू, पूर्व विधायक शमद अंसारी, पूर्व प्रत्याशी पूजा यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा पूर्व महानगर अध्यक्ष, पूर्व महासचिव लालू यादव और दिलशाद डब्लू शामिल हैं।

