दालमंडी सड़क चौड़ीकरण: भवनों के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया जारी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण परियोजना ने अब रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को प्रशासन ने परियोजना के तहत मकान संख्या CK 42/105 के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से भवन को गिराने का कार्य किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी रही।

ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आसपास के इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। साथ ही आम नागरिकों और राहगीरों की आवाजाही को नियंत्रित करते हुए अभियान को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया गया।

प्रशासन का कहना है कि दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना का मुख्य उद्देश्य वर्षों पुरानी यातायात समस्या का समाधान करना है। संकरी सड़क और अत्यधिक भीड़ के कारण इस क्षेत्र में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्थानीय व्यापारियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। परियोजना पूरी होने के बाद सड़क चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और पैदल चलने वालों को भी पर्याप्त सुविधा मिलेगी।

दालमंडी का मार्ग काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु और पर्यटक इस मार्ग का उपयोग करते हैं। बढ़ते यातायात दबाव और संकरी गलियों के कारण लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन चरणबद्ध तरीके से अधिग्रहित भवनों को हटाने की कार्रवाई कर रहा है।

Share this story