दालमंडी सड़क चौड़ीकरण: ध्वस्तीकरण अंतिम चरण में, मस्जिद के निर्धारित हिस्सों को हटाने का भी चल रहा काम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रहा ध्वस्तीकरण अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रशासन ने सोमवार को क्षेत्र स्थित लंगड़ा हाफिज़ मस्जिद के निर्धारित हिस्से पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। इसके साथ ही परियोजना के अंतर्गत चिह्नित अधिकांश भवनों और धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई पूरी होने के करीब है।

प्रशासन के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण के लिए कुल 181 भवनों और छह मस्जिदों को अधिग्रहण एवं ध्वस्तीकरण की जद में लिया गया था। अब तक 175 भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जा चुकी है, जबकि 140 भवन पूरी तरह हटाए जा चुके हैं। वहीं छह मस्जिदों में से पांच पर पहले ही कार्रवाई पूरी हो चुकी थी और सोमवार को छठी मस्जिद, लंगड़ा हाफिज़ के निर्धारित लगभग 20 फीट हिस्से पर भी ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया गया।

अधिकारियों का कहना है कि परियोजना से जुड़े शेष भवनों पर भी जल्द कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद सड़क निर्माण का कार्य तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे दालमंडी जैसे घनी आबादी वाले और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

इस संबंध में एसीपी अतुल अंजान ने बताया कि दालमंडी में ध्वस्तीकरण का कार्य अपने अंतिम चरण में है और अब केवल छह भवनों पर कार्रवाई शेष है। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है तथा बैरिकेडिंग कर आमजन की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है। इसके अलावा ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि दालमंडी अत्यधिक भीड़भाड़ वाला इलाका है। ऐसे में सड़क निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक रेगुलेशन की विशेष व्यवस्था लागू की गई है, ताकि ध्वस्तीकरण और निर्माण कार्य सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से पूरा कराया जा सके।

Share this story