दालमंडी सड़क चौड़ीकरण: ध्वस्तीकरण अभियान फिर होगा शुरू, भारी फोर्स की तैनाती में 7 दिन चलेगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को लेकर प्रशासन एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रविवार से दालमंडी क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके तहत करीब 20 मकानों को गिराने की योजना बनाई गई है। यह कार्रवाई लगातार सात दिनों तक चलने की उम्मीद है। भारी फोर्स की तैनाती के बीच कार्रवाई की जाएगी। 

वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस, लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए चौक थाना पुलिस के साथ-साथ अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की बाधा या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया भारी सुरक्षा के बीच संपन्न कराई जाएगी। तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रहेगी। साथ ही, दालमंडी क्षेत्र में रविवार से वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी जाएगी। बैरिकेडिंग लगाकर रास्तों को बंद किया जाएगा ताकि अभियान सुचारू रूप से चल सके। इधर, कार्रवाई से पहले शनिवार को दालमंडी का बाजार सामान्य रूप से खुला रहा। दुकानदारों ने रोजमर्रा की तरह ग्राहकों का स्वागत किया, लेकिन प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर असंतोष भी खुलकर सामने आया।

Share this story