जुलाई के अंतिम सप्ताह से शुरू होगा दालमंडी सड़क निर्माण कार्य, ध्वस्तीकरण अभियान तेज, मस्जिदों के चिह्नित हिस्सों पर कार्रवाई जारी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर की बहुप्रतीक्षित दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है। शुक्रवार को भी प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रही। सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले कई धार्मिक और निजी निर्माणों के चिह्नित हिस्सों को हटाया गया, जबकि पहले से ध्वस्त किए गए भवनों का मलबा हटाने का कार्य भी पूरे दिन चलता रहा। अधिकारियों का कहना है कि अगले दो सप्ताह में अतिक्रमण हटाने और मलबा साफ करने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद जुलाई के अंतिम सप्ताह से सड़क निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।

123

मस्जिदों के चिह्नित हिस्सों पर जारी रही कार्रवाई
शुक्रवार को निसारन मस्जिद, रंगीले शाह मस्जिद, अली रजा मस्जिद, संगमरमर मस्जिद और मिर्जा करीमुल्लाह बेग मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले चिह्नित हिस्सों को हटाने का कार्य जारी रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल वही हिस्से हटाए जा रहे हैं जो परियोजना की सीमा में आ रहे हैं। इसके साथ ही पहले गिराए गए 54 मकानों का मलबा भी जेसीबी और अन्य मशीनों की सहायता से हटाया गया ताकि सड़क निर्माण के लिए भूमि पूरी तरह खाली कराई जा सके।

123

जुलाई के अंतिम सप्ताह से शुरू होगा निर्माण
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, अगले दो सप्ताह के भीतर सभी चिह्नित निर्माणों को हटाने और मलबा साफ करने का काम पूरा कर लिया जाएगा। विभाग ने सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। यदि निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्य पूरा हुआ तो जुलाई के अंतिम सप्ताह से दालमंडी में नई सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा।

123

17.4 मीटर चौड़ी होगी नई सड़क
दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत पूरे मार्ग को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। परियोजना के अनुसार कुल 17.4 मीटर चौड़ाई में सड़क, फुटपाथ और जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी।


भूमिगत होंगी सभी जनसुविधाओं की लाइनें
परियोजना के तहत केवल सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। फुटपाथ के नीचे बिजली, पेयजल, दूरसंचार और अन्य सार्वजनिक सेवाओं की सभी लाइनें भूमिगत की जाएंगी। इससे भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और क्षेत्र का सौंदर्य भी बेहतर होगा।

225 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना
दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना पर उत्तर प्रदेश सरकार लगभग 225 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। यह परियोजना वाराणसी के सबसे व्यस्त और ऐतिहासिक बाजारों में से एक दालमंडी की वर्षों पुरानी जाम की समस्या को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में यातायात सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। 

प्रस्तावित निर्माण की रूपरेखा 
 

- दोनों ओर 5-5 मीटर चौड़ी सड़क
- दोनों ओर 3.2-3.2 मीटर चौड़ा फुटपाथ
- दोनों ओर 0.5-0.5 मीटर चौड़ी केसी ड्रेन (नाली)

Share this story