दलित समाज का भरोसा मोदी सरकार के साथ', वाराणसी में बोले केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, राम मंदिर चंदा गबन मुद्दे पर दी सफाई 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने रविवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने सामाजिक न्याय, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत ढांचे के विकास तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रेस वार्ता के दौरान पेपर लीक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है। जो लोग पेपर लीक में शामिल पाए गए हैं, उन्हें जेल भेजा गया है और भविष्य में भी किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों, विशेषकर महाराष्ट्र में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन सरकार पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है।

कांग्रेस और राहुल गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अठावले ने कहा कि राहुल गांधी जितने आरोप लगाएंगे, भाजपा और एनडीए उतने ही मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान में मुंबई में देश की सबसे ऊंची प्रतिमा का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह के कार्यकाल में बाबा साहब को भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

राम मंदिर चंदा गबन मामले पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इस्तीफा दे दिया है और पूरे मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रही है। उन्होंने कहा कि कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए गठबंधन को दोबारा सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता।

Share this story