नवरात्र में श्री काशी विश्वनाथ धाम में सजी सांस्कृतिक संध्या, आस्था के साथ संगीत का अद्भुत संगम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय सांस्कृतिक संध्या श्रृंखला के पाँचवें दिन भक्ति, संगीत और नृत्य का अनुपम संगम देखने को मिला। काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने मंदिर प्रांगण को पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।

123

कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध कलाकार प्रोफेसर डॉ. राजेश शाह के प्रभावशाली सितार वादन से हुआ। उनके सुरों ने वातावरण को मधुरता और आध्यात्मिकता से सराबोर कर दिया। तबले पर विभास महाराज और सितार संगत में बुद्ध आदित्य प्रधान ने उत्कृष्ट तालमेल के साथ प्रस्तुति को और भी प्रभावशाली बनाया। संगीत की इस मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

123

इसके पश्चात भजन गायक सागर मिश्रा ने मां भगवती और भगवान शिव की आराधना से जुड़े भजनों की प्रस्तुति दी। उनके सुमधुर स्वरों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। मंदिर परिसर में बैठे दर्शक भाव-विभोर होकर भजनों का आनंद लेते नजर आए।

123

कार्यक्रम के अगले चरण में नृत्यांगनाओं रश्मि वर्मा और श्वेता मिश्रा ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। उन्होंने दुर्गा स्तुति और शिव स्तुति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर बनारस की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। उनकी अभिव्यक्ति और ताल-लय ने दर्शकों को लंबे समय तक बांधे रखा।

123

पूरे कार्यक्रम का संचालन प्रयागराज की प्रसिद्ध एंकर श्वेता श्रीवास्तव ने अपने ओजस्वी और प्रभावी अंदाज में किया। उनकी सशक्त प्रस्तुति ने कार्यक्रम को एक सूत्र में पिरोए रखा और दर्शकों की रुचि बनाए रखी। धर्म, अध्यात्म और संस्कृति के इस पावन संगम के दौरान “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का विशेष भाव देखने को मिला।

123

123

Share this story