एयर शो देखने जर्जर छतों पर भीड़ जुटने पर हादसे का खतरा, नगर निगम ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी, 424 जर्जर भवन चिह्नित 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी में भव्य एयर शो देखने के लिए गंगा किनारे स्थित भवनों की छतों और बालकनी पर लोगों की भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए नगर निगम ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जर्जर और कमजोर भवनों की छतों, छज्जों, मुंडेरों तथा बालकनी पर लोगों के एकत्र होने और प्रवेश करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। नगर निगम ने शहर के चार जोन में कुल 424 जर्जर भवनों के स्वामियों को चेतावनी जारी की है। साथ ही संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस देने के साथ जिला प्रशासन को भी पत्र भेजकर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई है।

विमानों की गर्जना और भीड़ बढ़ा सकती है खतरा
दरअसल, एयर शो देखने के लिए गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में स्थित भवनों पर लोगों के जुटने की संभावना है। इन इलाकों में कई पुराने भवन ऐसे हैं, जिनकी दीवारों में दरारें हैं और छतें, छज्जे व अन्य हिस्से कमजोर हो चुके हैं। ऐसे भवनों पर अधिक संख्या में लोगों के एकत्र होने से अतिरिक्त भार बढ़ सकता है। वहीं, एयर शो के दौरान विमानों की तेज आवाज, संभावित कंपन और लोगों की आवाजाही के बीच किसी कमजोर हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

इसी खतरे को देखते हुए नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम ने सुरक्षा अभियान तेज किया है। एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि जिन भवनों में दरारें, झुकाव, प्लास्टर गिरने या संरचनात्मक कमजोरी के संकेत हों, वहां एयर शो देखने के लिए लोगों को आमंत्रित न किया जाए। भवन स्वामियों और किरायेदारों को बिना संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित किए छतों या बालकनी पर भीड़ एकत्र करने से मना किया गया है।

123

असुरक्षित हिस्सों में बैरिकेडिंग के निर्देश
नगर निगम ने खतरे वाले हिस्सों को खाली रखने, वहां बैरिकेडिंग कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। किसी भी संभावित खतरे की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित निगम अधिकारी को सूचित करना अनिवार्य होगा। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

24 और 25 अक्टूबर को वीवीआईपी मौजूदगी
वाराणसी में एयर शो के दो दिन अभी शेष हैं। 24 अक्टूबर को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है, जबकि 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नमो घाट पहुंचने का कार्यक्रम है। ऐसे में नगर निगम और प्रशासन भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।

BK Pathak
BK Pathak

21352 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story