एयर शो के दौरान जर्जर मकानों की छतों पर भीड़ जुटाने पर रोक, 424 भवन स्वामियों को नोटिस
विमानों के कंपन और अतिरिक्त भार से हादसे की आशंका, असुरक्षित छतों-बालकनियों पर लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध
वाराणसी। नमो घाट पर प्रस्तावित भव्य एयर शो के दौरान जनसुरक्षा को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में स्थित जर्जर और कमजोर भवनों की छतों, छज्जों, मुंडेरों तथा बालकनियों पर लोगों के एकत्र होने और प्रवेश करने पर रोक लगा दी गई है। नगर निगम ने शहर के चार जोनों में चिह्नित 424 जर्जर भवनों के स्वामियों को सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। भवन स्वामियों और किरायेदारों को निर्देश दिया गया है कि सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना किसी भी स्थिति में छतों या बालकनियों पर भीड़ एकत्र न होने दें।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि गंगा तटवर्ती इलाकों में कई पुराने भवन संरचनात्मक रूप से कमजोर हैं। इनकी दीवारों में दरारें हैं और छतों व छज्जों की स्थिति भी जर्जर है। एयर शो के दौरान वायुयानों के प्रदर्शन से उत्पन्न कंपन और तेज आवाज के साथ लोगों की भारी आवाजाही से भवनों पर अतिरिक्त भार पड़ सकता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

कोतवाली जोन के जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा सहित अन्य जोनल अधिकारियों की ओर से जारी चेतावनी में स्पष्ट किया गया है कि जिन भवनों में दरारें, झुकाव या प्लास्टर गिरने जैसी समस्या है, वहां एयर शो देखने के लिए किसी को आमंत्रित न किया जाए। असुरक्षित हिस्सों को खाली रखने के साथ बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। भवन की संरचनात्मक क्षमता की जांच किए बिना लोगों को एकत्र करना जोखिमपूर्ण होगा।

नगर निगम ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का उल्लंघन करने पर उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959 की धारा 331 और 308 के तहत कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से प्रशासन द्वारा अनुमत सुरक्षित स्थानों पर ही एयर शो देखने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी असामान्य आवाज या दरार बढ़ने की स्थिति में पुलिस, अग्निशमन सेवा अथवा नगर निगम नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।
जोनवार जर्जर भवनों का विवरण
• कोतवाली जोन: 215 भवन
• दशाश्वमेध जोन: 122 भवन
• भेलूपुर जोन: 70 भवन
• आदमपुर जोन: 17 भवन
कुल: 424 जर्जर भवन।

