OLX पर फर्जी विज्ञापन डालकर ठगी करने वाला अपराधी गिरफ्तार, पहले सस्ते सामान का देता था लालच, पेमेंट लेने के बाद बंद कर लेता था मोबाइल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। साइबर सेल टीम ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी OLX पर फर्जी विज्ञापन पोस्ट कर लोगों को सस्ते सामान का लालच देता था और ऑनलाइन भुगतान लेने के बाद मोबाइल नंबर बंद कर फरार हो जाता था।

एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी जलादी नागराजु को सिगरा क्षेत्र के एक होटल से गिरफ्तार किया गया। साइबर सेल की जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बनाकर ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

123

जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 73 शिकायतों की जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि अब तक करीब 1.25 करोड़ रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर लोगों का विश्वास जीतता था और फिर उन्हें ठगी का शिकार बनाता था।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल, छह सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड, यस बैंक की चेकबुक, क्यूआर कोड कार्ड और नकदी बरामद की है। बरामद सामान के आधार पर पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भी जांच कर रही है।

123

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिगरा में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन खरीदारी करते समय सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना सत्यापन के ऑनलाइन भुगतान न करें।

Share this story