कफ सिरप तस्करी : कोतवाली पुलिस ने दो दवा व्यापारियों को पकड़ा, फर्जी ई-वे बिल बनवाकर करते थे तस्करी
वाराणसी। कफ सिरप तस्करी के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो वांछित दवा व्यापारियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने ऋषभ यादव (प्रोपराइटर, JRS फार्मा) और मुकेश यादव (प्रोपराइटर, उर्मिला फार्मा) को लोहामंडी क्षेत्र से दबोच लिया। दोनों फर्जी ई-वे बिल बनवाकर दवाइयों की खेप पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश सप्लाई करते थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी फरार चल रहे कफ सिरप सिंडिकेट के सरगना शुभम जायसवाल से जुड़े हुए थे। आरोप है कि ये लोग शैली ट्रेडर्स के माध्यम से कोडिन युक्त कफ सिरप की अवैध सप्लाई में शामिल थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, तस्करी का यह नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। आरोपी फर्जी ई-वे बिल तैयार कर कफ सिरप की खेप को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के रास्ते बांग्लादेश तक भेजते थे। इस अवैध कारोबार में करोड़ों रुपये के लेन-देन की बात सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं, जिससे पूरे सिंडिकेट की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। साथ ही अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में आगे भी गिरफ्तारी और खुलासे होने की संभावना है, और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

