कफ सिरप तस्करी कांड : करोड़ों की संपत्ति सीज, मनोज यादव पर कसा शिकंजा
वाराणसी। कोतवाली पुलिस ने कर चोरी और कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में आरोपी मनोज यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी 13.53 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति सीज कर दी है। यह कार्रवाई प्रशासन की ओर से अपराध से अर्जित संपत्तियों पर प्रभावी प्रहार के तहत की गई है।
पुलिस के अनुसार, मनोज यादव पर अवैध तरीके से कफ सिरप की खरीद-फरोख्त के माध्यम से भारी संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। जांच के दौरान उसके और परिजनों के नाम पर कई बैंक खातों में बड़ी रकम जमा होने के प्रमाण मिले। अलग-अलग खातों में करीब 86 लाख रुपये से अधिक की धनराशि फ्रीज की गई है। इसके अलावा जमीन और अन्य अचल संपत्तियों का भी विवरण जुटाया गया, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 13.53 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीद रखी थीं। पुलिस ने दस्तावेजों की पड़ताल के बाद संबंधित संपत्तियों को सीज करने की प्रक्रिया पूरी की। प्रशासन का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति को किसी भी हाल में सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की गई है और आगे भी अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में और संपत्तियों का पता चलता है तो उन्हें भी जब्त किया जाएगा।

