पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के डायरेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज
​​​​​​​

WhatsApp Channel Join Now

 वाराणसी। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के डायरेक्टर (टेक्निकल) पृथ्वीपाल सिंह पर आय से अधिक सम्पत्ति मामले में रविवार को विजिलेंस इंस्पेक्टर च्रदभूषण प्रजापति ने चितईपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पृथ्वीपाल सिंह के खिलाफ थाने में शिकायत के बाद पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के अफसरों में हड़कम्प मच गया है। इस मामले को लेकर तरह तरह की चर्चा है।

विजिलेंस इंस्पेक्टर के अनुसार पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के डायरेक्टर पद पर पृथ्वीपाल सिंह वर्ष 2020 से तैनात हैं। इनके खिलाफ शिकायतें मिल रही थी। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन लिमिटेड के लखनउ मुख्यायल के अध्यक्ष ने पृथ्वीपाल सिंह की सम्पत्ति की जांच सौंपी थी। विभाग ने पृथ्वीपाल सिंह के विभिन्न आय के श्रोतों और बैंक खातों की जांच की। जांच में आरोपों की सत्यता को देखते हुए विजिलेंस इंस्पेक्टर ने चितईपुर थाने में तहरीर दी। बताया जाता है कि जांच के दौरान एक जून 1986 से 30 जून 2022 तक पृथ्वीपाल सिंह की आय चार करोड़ 62 लाख 82 हजार 776 थी।

इस अवधि में उनके द्वारा पांच करोड़ 60 लाख 62 हजार 667 रूपये खर्च किये गये। इस तरह से पृथ्वीपाल सिंह ने अपनी आय से 97 लाख 79 हजार 891 रूपये ज्यादा खर्च किये। इसके साथ ही यह रूपये पृथ्वीपाल सिंह के वैध श्रोतों से अर्जित आय से 21.13 प्रतिशत ज्यादा है। इतने रूपये उनके पास कहां से आये इसकी जांच की जा रही है। विजिलेंस इंस्पेक्टर की तहरीर पर थाने में पृथ्वीपाल सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। विजिलेंस इंस्पेक्टर के अनुसार यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 1998 के तहत अपराध की श्रेणी में आता है। 

Share this story