गर्मी में उपभोक्ताओं को मिले निर्बाध बिजली, बरसात से पहले जलनिकासी की व्यवस्था हो दुरूस्त : एके शर्मा

WhatsApp Channel Join Now

- नगर विकास मंत्री ने सर्किट हाउस में अधिकारियों संग मीटिंग में की समीक्षा 
 

- बोले-ट्रिपिंग की समस्या किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें
 

- सीएम ग्रिड व वैश्विक नगरोदय योजना से बनारस का हो आधुनिक और सुंदर विकास
 

- कम लोड वाले उपभोक्ताओं के एक माह तक नहीं कटेंगे कनेक्शन 
 

- रविवार एवं अन्य सार्वजनिक अवकाशों पर भी निगेटिव बैलेंस होने पर नहीं कटेंगे कनेक्शन

वाराणसी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शनिवार को सर्किट हाउस में नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने शहर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी एवं विद्युत आपूर्ति को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। अफसरों को हिदायत दी कि गर्मी में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिले। वहीं बरसात से पहले नाला सफाई कराकर जलनिकासी की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।  

123

मंत्री ने आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नालों की सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जलभराव की समस्या किसी भी स्थिति में उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम एवं जलकल विभाग को समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सड़क एवं शहरी सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सड़कों के किनारे इंटरलॉकिंग कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे शहर की व्यवस्था और सुगमता दोनों में सुधार होगा।नगर विकास मंत्री ने सीएम ग्रिड योजना एवं वैश्विक नगरोदय योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि इन योजनाओं के माध्यम से वाराणसी के विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखना चाहिए और बनारस को एक आधुनिक एवं व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जाए।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने विद्युत ट्रिपिंग की समस्या पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वाराणसी के किसी भी क्षेत्र में ट्रिपिंग की समस्या स्वीकार्य नहीं है और इसे तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने निर्बाध एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा।इसके अतिरिक्त मंत्री श्री शर्मा ने अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बढ़ती विद्युत मांग के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक के अंत में मंत्री श्री ए के शर्मा ने कहा कि वाराणसी एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री एके शर्मा ने उपभोक्ता हितों को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 1 किलोवाट तक के विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन नेगेटिव बैलेंस होने पर भी नहीं काटा जाएगा। साथ ही 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को अधिकतम 200 रुपये तक की रियायत प्रदान की जाएगी। मंत्री श्री शर्मा ने निर्देशित किया कि किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पूर्व अनिवार्य रूप से 5 चरणों में एसएमएस अलर्ट भेजे जाएं। इसके अतिरिक्त रविवार एवं अन्य सार्वजनिक अवकाशों पर नेगेटिव बैलेंस की स्थिति में भी विद्युत आपूर्ति बाधित न की जाए। उन्होंने अधिकारियों को इन प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे। बैठक में मेयर अशोक तिवारी, एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम शंभू कुमार, नगर विकास हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story