VDA की सील तोड़कर शुरू करा दिया निर्माण, जमीन मालिक समेत पांच पर मुकदमा, मची खलबली
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नगवा में बिना नक्शा पास कराए अपार्टमेंट का अवैध निर्माण कराने और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की सील तोड़कर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कराने के मामले में जमीन मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वीडीए के जोन-4 के अवर अभियंता रोहित कुमार की तहरीर पर रविवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वीडीए के अनुसार नगवा क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के करीब 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अपार्टमेंट का निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण स्थल पर करीब आठ फीट गहरा गड्ढा भी खोदा गया था। अधिकारियों के निरीक्षण में निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी सामने आने पर प्राधिकरण ने कार्रवाई शुरू की।
अवर अभियंता रोहित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इस मामले में भू-स्वामी ओम प्रकाश और मेसर्स स्टार होम बिल्डर एंड डेवलपर्स के साझेदार रितेश सिंह, आदित्य सिंह, गणेश पाठक और विनय शर्मा को आरोपी बनाया गया है। प्राधिकरण के मुताबिक निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का भी ध्यान नहीं रखा गया था।
पिछले दिनों क्षेत्र में हुई शहरी खोदाई के कारण आसपास के मकानों की दीवारें भी रात में ढह गई थीं। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडीए ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और कार्रवाई की। प्राधिकरण की ओर से पहले निर्माण कार्य रोकने के लिए नोटिस जारी किया गया था।
नोटिस के बाद भी जारी रहा निर्माण
वीडीए अधिकारियों के मुताबिक उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के तहत 14 जुलाई को संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर 30 जुलाई को निर्माण स्थल को सील कर दिया गया था। प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सील लगे स्थल पर किसी भी तरह का निर्माण कार्य न किया जाए।
आरोप है कि सील लगाए जाने के बाद भी उसे तोड़कर निर्माण कार्य कराया गया। मामले की जानकारी मिलने पर वीडीए ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस में तहरीर दी। लंका पुलिस ने तहरीर के आधार पर जमीन मालिक और बिल्डर-डेवलपर से जुड़े चार साझेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से पहले ही निर्माण रोकने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद भी काम जारी रहने पर स्थल को सील किया गया था। सील तोड़कर निर्माण कराने की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

