असलहा तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर फायरिंग, कांस्टेबल को लगी गोली, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
लंका के नरिया क्षेत्र में दबिश के दौरान वारदात, घायल पुलिसकर्मी को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में कराया गया भर्ती
ट्रॉमा सेंटर पहुंचे पुलिस कमिश्नर, घायल सिपाही का जाना हाल, घटना के बाबत ली जानकारी
वाराणसी। कमिश्नरेट के लंका थाना क्षेत्र के नरिया में शुक्रवार देर शाम असलहा तस्करों को पकड़ने गई क्राइम ब्रांच की टीम पर फायरिंग का मामला सामने आया है। इस दौरान क्राइम ब्रांच के कांस्टेबल अमित शुक्ला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम को नरिया क्षेत्र में दो असलहा तस्करों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश देने पहुंची। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। गोली कांस्टेबल अमित शुक्ला को लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल भी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायल कांस्टेबल के उपचार की जानकारी ली और चिकित्सकों से उनकी स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से पूरी घटना का ब्योरा लिया।
घायल कांस्टेबल अमित शुक्ला अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का अनुभव रखते हैं। वह पूर्व में एसओजी में भी तैनात रह चुके हैं। फिलहाल उनकी हालत और उपचार को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए। पुलिस टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

