कांग्रेस कार्यालय घेराव के विरोध में कार्यकर्ताओं का धरना, एफआईआर की मांग 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मैदागिन स्थित राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित घेराव और अराजकता के विरोध में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने धरना शुरू कर दिया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व और जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल की अध्यक्षता में चल रहे धरने में कांग्रेसजनों ने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास पहुंचकर पार्टी नेताओं और शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। कांग्रेस का दावा है कि कुछ लोगों के हाथों में लाठी-डंडे और पत्थर भी थे तथा कार्यालय के आसपास तनावपूर्ण माहौल बनाने का प्रयास किया गया। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, यह कार्यालय के घेराव का पांचवीं बार किया गया प्रयास है।

घटना के संबंध में कांग्रेस की ओर से एसीपी कोतवाली को लिखित तहरीर दी गई है। इसमें भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमन सोनकर, महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल समेत घेराव में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। कांग्रेस ने पुलिस से वीडियो फुटेज और सीसीटीवी के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा और संवैधानिक मूल्यों में विश्वास करती है। राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी राजनीतिक दल के कार्यालय का घेराव करना और कथित तौर पर अभद्र भाषा व लाठी-डंडों का इस्तेमाल करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक लड़ाई लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जारी रखेगी।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि एफआईआर दर्ज होने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होने तक धरना जारी रहेगा। कार्रवाई नहीं होने पर इसे अनिश्चितकालीन धरने में बदलने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन को व्यापक रूप देगी और उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराने के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय के समक्ष लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन करेगी। नेताओं ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से चलाया जाएगा।

धरने में प्रजानाथ शर्मा, संजीव सिंह, मयंक चौबे, चंचल शर्मा, ऋषभ पांडेय, गुलशन अंसारी, रमजान अली, असलम खान, मनींद्र मिश्रा, हाजी वकाश अंसारी, वकील अंसारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Share this story