कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर साधा निशाना, बोले ब्राह्मण समाज का हो रहा अपमान, अपराधियों को मिल रहा संरक्षण
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी और योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में ब्राह्मण समाज को लगातार अपमान और उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। अजय राय ने यह भी कहा कि भाजपा के ब्राह्मण विधायकों ने इस मुद्दे पर बहुत देर से आवाज उठाई है, जबकि उन्हें यह कदम पहले ही उठाना चाहिए था।
अजय राय ने आरोप लगाया कि योगी सरकार के कार्यकाल में ब्राह्मण समाज के लोगों की हत्याएं हुई हैं और कई मामलों में फर्जी एनकाउंटर किए गए हैं। उन्होंने गोरखपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि 28 वर्षीय विनोद उपाध्याय की कथित फर्जी एनकाउंटर में मौत हुई, जिस पर परिजनों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं यह साफ दर्शाती हैं कि मौजूदा सरकार में एक विशेष समाज को निशाना बनाया जा रहा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने ब्राह्मण समाज से समर्थन लिया, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसी समाज का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा के ब्राह्मण विधायकों से नैतिक जिम्मेदारी निभाने की मांग करते हुए कहा कि वे पार्टी से इस्तीफा दें और भाजपा से दूरी बनाएं, ताकि समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित कर सकें।
अजय राय ने भाजपा पर महिला विरोधी होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ी एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है और ऐसे मामलों पर भाजपा का मौन चिंताजनक है। इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में भी भाजपा से जुड़े नेताओं के नाम सामने आए थे, लेकिन पीड़िता को समय पर न्याय नहीं मिला।
उन्होंने कुलदीप सेंगर प्रकरण का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा लगातार महिलाओं के खिलाफ अपराधों में आरोपित लोगों को संरक्षण देती रही है। अजय राय ने कहा कि भाजपा अब एक महिला विरोधी पार्टी बन चुकी है और इस तरह के मामलों में उसका रवैया गंभीर सवाल खड़े करता है।
अंत में उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।

