वाराणसी में होगा कांग्रेस का संविधान संवाद सम्मेलन, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा व पांच सांसद होंगे शामिल, अजय राय ने सरकार पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कांग्रेस की ओर से 8 फरवरी को वाराणसी के शास्त्री घाट पर संविधान संवाद सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा के साथ ही पांच सांसद शामिल होंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस वार्ता में इसके बाबत जानकारी दी। उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधा। 

 

अजय राय ने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य जनता को संविधान, लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। आरोप लगाया कि आज देश और प्रदेश में हर वर्ग का व्यक्ति सरकार की नीतियों से परेशान है। आम आदमी, किसान, महिलाएं और युवा सभी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की आर्थिक स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है, लेकिन सरकार जमीनी मुद्दों से ध्यान भटकाकर केवल सांप्रदायिक राजनीति कर रही है। उत्तर प्रदेश में हिंदू-मुसलमान की राजनीति के अलावा कुछ नहीं हो रहा है।

123

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि वह अमेरिका के सामने नतमस्तक हो चुके हैं। अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही कह दिया था कि मोदी जी उन्हें खुश करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल नरवणे की किताब में उठाए गए सवालों पर सरकार कोई जवाब नहीं देना चाहती, क्योंकि उसे डर है कि कहीं उसकी पोल दुनिया के सामने न खुल जाए।

 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यही वजह है कि संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पीकर द्वारा बार-बार राहुल गांधी की आवाज दबाई जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक संकेत है। उत्तर प्रदेश में मदरसों की फंडिंग की जांच को लेकर अजय राय ने कहा कि सरकार की है, जांच करानी है तो खुलकर कराए। साथ ही उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री बनने के बाद गोरखनाथ पीठ पर चढ़ावे और धनराशि की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

123

गाजियाबाद में तीन बहनों की आत्महत्या के मामले का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि आज विदेशी ऑनलाइन गेम और जुए की लत युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय जुए का नशा लगा रही है। उन्होंने वाराणसी विकास प्राधिकरण पर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव के गांव अधिग्रहित किए जा रहे हैं और कृषि भूमि को जबरन आवासीय में बदला जा रहा है।
देखें वीडियो

Share this story