गाजीपुर जाने से पहले कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार, बाबतपुर एयरपोर्ट पर रोके गए कई वरिष्ठ नेता

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गाजीपुर जिले के करंडा ब्लॉक स्थित कटरिया गांव में हुए निशा विश्वकर्मा हत्याकांड को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करने और न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी का एक वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल सोमवार को गाजीपुर जाने वाला था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर ही रोककर गिरफ्तार कर लिया।

123

गिरफ्तार किए गए नेताओं में ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद, अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र गौतम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू, राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध, राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र बघेल और राष्ट्रीय सचिव सुभाषिनी यादव समेत कई प्रमुख नेता शामिल रहे। पुलिस ने इन नेताओं को एयरपोर्ट परिसर के भीतर ही हिरासत में ले लिया और बाद में बड़ागांव थाने भेज दिया।

123

इसके अलावा महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी प्रकोष्ठ मनोज यादव को एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर सिंधौरा थाने ले जाया गया। अन्य कई कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया, जिनमें फसाहत हुसैन, राजू राम, आशिष गुप्ता, सेतराम केशरी, शीतला पटेल, अविनाश राजभर, राम गणेश प्रजापति, परवेज खान, रोहित दुबे, राजू गौतम, लक्ष्मी नारायण यादव, राधेश्याम जायसवाल और सुरेंद्र समेत दर्जनों लोग शामिल हैं।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने उन्हें गाजीपुर जाने से रोकने के लिए पहले से ही रणनीति बना ली थी। कई नेताओं को उनके आवास पर नजरबंद किया गया और रास्तों में रोकने की कोशिश की गई। बाबतपुर एयरपोर्ट पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर नेताओं की आवाजाही पर पूरी तरह अंकुश लगाया गया।

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब पीड़ित परिवार से मिलना भी अपराध हो गया है। उनका कहना था कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

कांग्रेस ने साफ कहा है कि निशा विश्वकर्मा को न्याय दिलाने और पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की लड़ाई जारी रहेगी। पार्टी नेताओं ने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।

Share this story