महोबा की घटना पर कांग्रेस का हमला तेज, सरकार को घेरा, बोले “दमन से नहीं दबेगी आवाज”

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महोबा में बच्ची के साथ हुई कथित दरिंदगी की घटना को लेकर कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूपी कांग्रेस की प्रदेश महासचिव सरिता पटेल ने वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान योगी सरकार की कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और प्रशासनिक कार्रवाई पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पूरी तरह सवालों के घेरे में है और सरकार अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने में जुटी हुई है।

सरिता पटेल ने आरोप लगाया कि महोबा की घटना बेहद शर्मनाक है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के बजाय सरकार मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने और न्याय की मांग करने पहुंचते हैं, तो उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर राजनीतिक प्रताड़ना दी जाती है।

123

उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। महोबा से लेकर उन्नाव तक कई घटनाएं यह साबित करती हैं कि महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा, “आज हालात ऐसे हैं कि बेटियां घर से बाहर निकलती हैं तो परिवार को उनकी सुरक्षा की चिंता बनी रहती है। सरकार सिर्फ बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है।”

महिला सुरक्षा और ‘नारी वंदन’ जैसे सरकारी अभियानों पर निशाना साधते हुए सरिता पटेल ने कहा कि जिन दावों में महिलाओं को आधी रात तक सुरक्षित बताया जाता है, वहां महिलाएं दिन में भी असुरक्षित महसूस कर रही हैं। राहुल गांधी और अजय राय पर दर्ज मुकदमों को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी दमनकारी नीति से डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा, “हम गांधीवादी विचारधारा के लोग हैं। मुकदमे, लाठी और जेल से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराया नहीं जा सकता। जनता की आवाज उठाना हमारा कर्तव्य है और हम इसे जारी रखेंगे।”

123

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पुतला दहन विवाद पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। सरिता पटेल ने कहा कि कांग्रेस लगातार बेरोजगारी, महंगाई और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाती रहेगी तथा सरकार को जवाब देना ही होगा।

Share this story