क्रांतिकारियों को भुलाने के कारण हुआ कांग्रेस का पतन : सीएम योगी

WhatsApp Channel Join Now

सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आजादी के बाद सत्ता में आए लोगों ने संस्थानों का नाम अपने खानदान के नाम पर रखा, लेकिन देश के क्रांतिकारियों और महापुरुषों के स्मारकों की सुध नहीं ली। उन्होंने राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाकउल्लाह खान, चंद्रशेखर आजाद, वीर सावरकर और महाराज सुहेलदेव समेत अनेक महापुरुषों को भुला देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री के इस बयान में प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल का नाम अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर रखने की मांग को लेकर चल रहे धरने-प्रदर्शन की ओर भी स्पष्ट इशारा देखा जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि सत्ता का मद कितना खतरनाक होता है, इसे कांग्रेस के पतन से समझा जा सकता है। कांग्रेस ने क्रांतिकारियों को भुलाया तो आज देश के युवाओं ने कांग्रेस को पूरी तरह दफन कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब पूरी तरह नकारात्मक राजनीति की राह पर चल रही है।

गौरतलब है कि प्रयागराज में पिछले कई दिनों से एसआरएन अस्पताल परिसर में धरना जारी है। यहां महुआ डाबर संग्रहालय और स्थानीय संगठनों की ओर से मांग की जा रही है कि अंग्रेजों के समय मलाका जेल रही इस जगह पर काकोरी कांड के नायक ठाकुर रोशन सिंह को फांसी दी गई थी। आजादी के बाद इसे स्वरूप रानी नेहरू के नाम पर अस्पताल बना दिया गया। अब पोस्टर लगाकर और धरना देकर अस्पताल का नाम 'अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह चिकित्सालय' रखने की मांग जोरशोर से उठाई जा रही है।

मुख्यमंत्री के बयान में ठाकुर रोशन सिंह का नाम विशेष रूप से लेने से यह संदेश साफ हो गया है कि क्रांतिकारियों के सम्मान और उनके बलिदान स्थलों को परिवारवाद से मुक्त कराने का सवाल अब राजनीतिक एजेंडे में आ चुका है।

देखें वीडियो, क्या कहा सीएम योगी ने

Share this story