गंगा घाट किनारे के 25 वार्डों में 4 घंटे के अंदर होगा शिकायतों का निस्तारण, कमांड सेंटर से निगरानी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा घाट के किनारे 25 वार्डों में 4 घंटे के अंदर शिकायतों का निस्तारण कराया जाएगा। नगर निगम की ओर से 25 वार्ड चिह्नित किए गए हैं। इन वार्डों के नागरिक हेल्पलाइन नंबर पर व्हाट्सएप के जरिये अपनी शिकायत लिखकर दर्ज करा सकते हैं। नगर निगम प्रशासन शिकायतों का निस्ताण कराकर नागरिकों को व्हाट्सएप के जरिये ही सूचित करेगा। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में इसके बाबत विस्तार से जानकारी दी। 

मेयर ने बताया कि नगर निगम 365 दिन 24 घंटे काम करता है। नगर निगम के अधिकारी और समस्त पार्षदों के साथ मिलकर यह निर्णय लिया गया कि कुछ अलग किया जाए। इसी क्रम में निर्णय लिया गया कि गंगा घाट के किनारे 25 वार्डों में सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे के बीच में जो भी शिकायतें आएंगी, उनका निस्तारण 4 घंटे के अंदर कर लिया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि कहीं कूड़ा है तो कहीं गंदगी की शिकायत है। वहीं कई स्थानों पर सीवर फ्लो, मृत जानवरों के शव पड़े होने और लाइट न होने की शिकायतें मिल रही हैं। हमारी रोजाना की दिनचर्या में शामिल जो भी शिकायतें सामने आएंगी, उनका हर हाल में 4 घंटे के अंदर निस्तारण कर दिया जाएगा। 

कमांड सेंटर से निगरानी
उन्होंने बताया कि एक कमांड सेंटर बनाया गया है, जिसमें आलोक विभाग, जलकल, स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों को जोड़ा गया है। संबंधित विभागों के कर्मी यहां रहेंगे। नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्त स्तर से इसकी मानीटरिंग की जाएगी। कमांड सेंटर के हेल्पलाइन नंबर पर आने वाली शिकायतों का 4 घंटे के अंदर निस्तारण कराना हमसभी की जिम्मेदारी है। 

इन नंबरों पर करें कॉल 
मेयर ने बताया कि दो नंबर जारी किए गए हैं। 8601872601, 1533 नंबर जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नंबर पर व्हाट्सएप पर पहले हाय लिखना होगा। उसके बाद जो शिकायत होगी, उसे लिखकर शिकायत करेंगे। समस्या के समाधान के बाद शिकायतकर्ता को सूचित किया जाएगा। 


पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा तो बढ़ेगी वार्डों की संख्या 
महापौर ने बताया कि पहले इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया गया है। इसमें जो भी कमियां अथवा दिक्कतें होंगी, उन्हें दूर किया जाएगा। यदि प्रोजेक्ट सफल रहा तो भविष्य में वार्डों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

Share this story