वाराणसी में अप्रैल में चलेगा संचारी रोग नियंत्रण महाअभियान, 10 से ‘दस्तक’ के तहत घर-घर जागरुकता

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले में डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अप्रैल माह में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। एक से 30 अप्रैल तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 10 से 30 अप्रैल तक ‘दस्तक अभियान’ संचालित होगा। इसकी तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग के साथ सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया, टीबी और फाइलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए साफ-सफाई, लार्वीसाइडल स्प्रे और फॉगिंग जैसे उपायों को प्राथमिकता दी जाए। खासतौर पर कोल्ड फॉगिंग शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी अनिवार्य रूप से कराई जाए।

पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों के आधार पर नगर निगम के 11 वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों के 69 गांवों को अतिसंवेदनशील चिन्हित किया गया है। जिलाधिकारी ने इन हाई-रिस्क क्षेत्रों की विशेष निगरानी के निर्देश दिए, ताकि मच्छरों के प्रजनन को नियंत्रित किया जा सके। इसके साथ ही नालियों और तालाबों की सफाई, जलजमाव की निकासी, खराब हैंडपंपों की मरम्मत और झाड़ियों की कटाई-छंटाई जैसे कार्यों को तेजी से पूरा करने को कहा गया।

गर्मी के मौसम को देखते हुए हीट वेव प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया गया। सार्वजनिक स्थानों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, अस्थायी शेल्टर, तापमान की जानकारी का डिस्प्ले और लोगों को गर्मी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में भी छात्रों को हीट वेव से बचाव की जानकारी देने पर बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने नगर निगम वाराणसी और नगर स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विशेष रूप से झुग्गी-झोपड़ी और स्लम क्षेत्रों में सफाई अभियान, कीटनाशक छिड़काव और मच्छरों के प्रजनन स्थलों के नष्टीकरण पर ध्यान केंद्रित किया जाए। मोहल्ला निगरानी समितियां इन कार्यों की निगरानी करेंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश प्रसाद ने बताया कि अभियान के दौरान डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार के साथ-साथ टीबी, कुष्ठ और कालाजार के संभावित मरीजों की पहचान भी की जाएगी। ‘दस्तक अभियान’ के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बीमारियों से बचाव और लक्षणों के बारे में जागरूक करेंगी।

इस अभियान में स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायतीराज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा और कृषि विभाग सहित कई विभाग मिलकर कार्य करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूनिसेफ के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Share this story